चित्तौड़गढ़। ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों और अवैध रूप से गाइडिंग करने वाले लपकों के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने पर्यटकों की गाड़ियों के आगे-पीछे वाहन दौड़ाकर परेशान करने वाले 7 लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग बिना लाइसेंस गाइडिंग करते हैं और पर्यटकों की गाड़ियों का पीछा कर उन्हें परेशान करते हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में कोतवाली थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीम ने दुर्ग क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर निगरानी रखी और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिन्हित किया।
कार्रवाई के दौरान पर्यटकों की गाड़ियों के आगे-पीछे वाहन दौड़ाते पाए गए 7 व्यक्तियों को मौके से पकड़कर शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले गाइड यूनियन चित्तौड़गढ़ और लाइसेंसधारी गाइडों ने भी अवैध रूप से गाइडिंग करने वाले लपकों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी:
कमलेश गाडिया लौहार
चांद छापरवाल
ललित माली
कन्हैयालाल भांड
हिमांशु भांड
सुरेश भात्रा
मनीष सालवी
कार्रवाई में थाना प्रभारी रजनीश कुमार सहित एएसआई नवलराम, मनीष कुमार, रणजीत पुरी और लालाराम की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।