दतिया। विधानसभा उपचुनाव के बीच कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को दतिया में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता से किए कई वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने लाड़ली बहना योजना को लेकर कहा कि महिलाओं को ₹3,000 प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, लेकिन वर्तमान में ₹1,500 ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने भुगतान में देरी का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता ने दतिया जिले की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिले में भय का माहौल है और आमजन खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि दतिया में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए बदलाव जरूरी है।
मुकेश नायक ने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री मोहन यादव के बीच तालमेल की कमी का असर प्रदेश के विकास पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता भय के माहौल में जीवन जी रही है तो विकास के दावे बेअसर साबित होते हैं। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।