राजगढ़। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित ष्नशे से दूरी है जरूरी 2.0ष् अभियान के तहत रविवार को थाना राजगढ़ क्षेत्र के मेला मैदान और बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त भारत संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में 15 जुलाई से यह विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में पुलिस द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार तथा थाना प्रभारी राजगढ़ समीर पाटीदार सहित पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों का प्रभावशाली मंचन किया और लोगों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
राजगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।