शिवपुरी। शहर के न्यू ब्लॉक और जवाहर गंज क्षेत्र में सीवर चेंबरों के ओवरफ्लो होने से सड़कों पर गंदा पानी और मलबा फैल गया है। बारिश के बाद हालात और खराब हो गए हैं। पूरे इलाके में बदबू का माहौल है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। रहवासी कल्लू ठाकुर ने बताया कि जिस स्थान पर सीवर ओवरफ्लो हो रहा है, उसके पास स्कूल, मंदिर और आंगनबाड़ी केंद्र हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर फैली गंदगी के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड पार्षद संजय गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन महीने से सीवर लाइन लगातार ओवरफ्लो हो रही है। बारिश के कारण अब अन्य सीवर लाइनें भी जवाब देने लगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएचई विभाग, नगर पालिका और सीएम हेल्पलाइन पर कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
रहवासियों ने प्रशासन से जल्द सीवर लाइन की मरम्मत कर स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को गंदगी, बदबू और संक्रमण के खतरे से राहत मिल सके।