नीमच। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान 2.0 के तहत रविवार को नीमच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत बघाना थाना क्षेत्र के खेल मैदान में खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। वहीं जावद, रतनगढ़, कुकड़ेश्वर, रामपुरा एवं सिंगोली थाना क्षेत्रों में बस स्टैंड, व्यायामशालाओं, ग्राम चौपालों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वयं के साथ अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, इसलिए इससे दूरी बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
पुलिस विभाग ने आमजन से इस जनअभियान का सक्रिय हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही संभव है। 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशे के प्रति सचेत किया जा रहा है।