शाजापुर। गौरक्षा सेना की विशेष बैठक रविवार, 19 जुलाई को शाम 7.30 बजे गौ उपचार केंद्र, कांजी हाउस में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ गौमाता की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों, बारिश के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य कारणों से घायल होने वाले गोवंश के तत्काल उपचार एवं रेस्क्यू, संगठन विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए गौरक्षा सेना के सचिव प्रतीक सक्सेना ने बताया कि वर्षाकाल में सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य कारणों से घायल होने वाले गोवंश को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रवार टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में गोवंश के उपचार एवं रेस्क्यू कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगी।
गठित टीमों के अनुसार धोबी चौराहा से मझानिया जोड़ तक अर्जुन राजपूत के नेतृत्व में उपचार एवं रेस्क्यू कार्य किए जाएंगे। गिरवर एवं पतोली बायपास क्षेत्र में अशोक खींची, लोकेश दरिया एवं नरेंद्र बना पतोली व्यवस्था संभालेंगे। शाजापुर नगर क्षेत्र में हर्षित परमार, अक्षय गुर्जर, शिवम बिरथरे, सुमित गोस्वामी, चिंटू परमार एवं चंद्रशेखर सहित अन्य गौसेवक सेवाएं देंगे। वहीं, बेरछा रोड एवं सांपखेड़ा क्षेत्र में सुनील गुर्जर एवं अन्य गौसेवक गोवंश के उपचार एवं रेस्क्यू की व्यवस्था संभालेंगे।
बैठक के दौरान गौरक्षा सेना के अध्यक्ष अशोक खींची ने संगठन के संरक्षक पद हेतु नामों का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए वीरेंद्र सिंह टेवा एवं धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया (धर्मेंद्र बना) को गौरक्षा सेना का संरक्षक नियुक्त किया गया।
गौरक्षा सेना के संस्थापक धर्मेंद्र शर्मा ने जिलेभर में संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि जल्द ही एक बड़ी बैठक आयोजित कर जिला अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही शाजापुर नगर के प्रत्येक वार्ड में गौरक्षा सेना का गठन करने का निर्णय भी लिया गया है। संगठन को ग्राम स्तर तक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
संरक्षक नियुक्त होने पर धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया (धर्मेंद्र बना) ने कहा कि गौरक्षा सेना का पूरे जिले में गठन समय की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक गांव में गौमाता की सेवा के लिए जागरूक युवाओं की टीम तैयार होगी, तो घायल एवं बीमार गोवंश को समय पर उपचार मिल सकेगा तथा उपचार के अभाव में होने वाली उनकी मृत्यु को रोका जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि वे गौरक्षा सेना के साथ मिलकर जिले के सभी गांवों में युवाओं को जोड़ने का कार्य करेंगे और तन-मन-धन से गौसेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। बैठक में गौरक्षा सेना के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में गौसेवक उपस्थित रहे।