सीतामऊ। सीएम राइज संदीपनी विद्यालय लदूना के प्रभारी प्राचार्य अजीत त्रिपाठी के स्थानांतरण के विरोध में सोमवार को विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मुख्य सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षक के स्थानांतरण को निरस्त करने की मांग करते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाइश देकर सड़क से हटाया। इसके बाद तहसीलदार मोहित सिनम ने भी विद्यार्थियों से चर्चा कर उन्हें शांतिपूर्वक अपनी बात रखने की समझाइश दी।
विद्यार्थियों का कहना था कि प्रभारी प्राचार्य अजीत त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विद्यालय में शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में सकारात्मक बदलाव आए हैं। उनका स्थानांतरण होने से वे निराश हैं। छात्रों ने मांग की कि उनके स्थानांतरण पर पुनर्विचार किया जाए। विद्यार्थियों ने यह भी कहा कि यदि उनकी मांग पर विचार नहीं किया गया तो वे आगे भी अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस की समझाइश के बाद विद्यार्थियों को शांतिपूर्वक विद्यालय भेज दिया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है और प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया गया।
उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य के स्थानांतरण आदेश के विरोध में किया गया, जिसे लेकर विद्यालय परिसर एवं क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।