शिवपुरी। करैरा तहसील के ग्राम पारागढ़ के किसानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर स्टोन क्रेशर की ब्लास्टिंग से फसलों और खेतों को हुए नुकसान की शिकायत करते हुए कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई। किसानों ने आरोप लगाया कि क्रेशर पर हो रही भारी ब्लास्टिंग के कारण खेतों में बड़े-बड़े पत्थर गिर रहे हैं, जिससे बुआई के तुरंत बाद फसलें बर्बाद हो रही हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक कई दिनों के इंतजार के बाद बारिश होने पर उन्होंने खेतों में बुआई की थी, लेकिन अगले ही दिन स्टोन क्रेशर की ब्लास्टिंग से पहाड़ से निकले पत्थर कई सौ मीटर दूर खेतों में आ गिरे। इससे बीज, फसल और उपजाऊ जमीन को भारी नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में पत्थर भर जाने से ट्रैक्टर चलाना भी मुश्किल हो गया है।
किसानों का कहना है कि लगातार होने वाली ब्लास्टिंग से उड़ने वाली धूल फसलों पर जम रही है, जिससे पौधों की बढ़वार प्रभावित हो रही है। साथ ही तेज कंपन के कारण खेतों के कुएं दरकने लगे हैं और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों को धूल के कारण सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार एसडीएम, कलेक्टर और स्थानीय विधायक से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। किसानों ने प्रभावित खेतों और कुओं का राजस्व विभाग से सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले स्टोन क्रेशर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।