इंदौर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन एवं भूख हड़ताल के समर्थन में इंदौर के टंट्या भील चौराहे पर छात्रों का धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक भूख हड़ताल पिछले 21 दिनों से जारी है। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।