नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार अनाथ एवं निराश्रित बच्चों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आधार कार्ड नहीं बन पाने की समस्या से जूझ रही अनाथ बालिका रेखा को त्वरित राहत प्रदान करते हुए मात्र दो दिनों में उसका आधार कार्ड बनवाया गया।
बालिका के माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है। आधार कार्ड बनवाने के लिए कानूनी अभिभावक का प्रमाण आवश्यक होने के कारण बाल कल्याण समिति, नीमच ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत उसकी नानी सुंदर बाई को विधिक अभिभावक (लीगल गार्जियन) नियुक्त किया। इसके पश्चात कलेक्टर के निर्देश पर यूआईडीएआई, भोपाल की टीम से समन्वय स्थापित कर दो दिनों के भीतर बालिका का आधार कार्ड बनवा दिया गया।
जिला प्रशासन ने ऐसे बच्चों के अभिभावकों से अपील की है, जिनके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है और कानूनी अभिभावक के अभाव में उनका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, वे पहले बाल कल्याण समिति से लीगल गार्जियन प्रमाण पत्र प्राप्त करें। इसके आधार पर संबंधित बच्चे का आधार कार्ड आसानी से बनवाया जा सकता है।