चित्तौड़गढ़। सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों से गुम हुए 10 मोबाइल फोन तलाश कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर मिसाल पेश की है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के पर्यवेक्षण में सांवलिया हॉस्पिटल, रेलवे स्टेशन, प्रतापनगर, नेहरू पार्क एवं राजीव गांधी पार्क क्षेत्र में लगातार मोबाइल गुम होने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष आसूचना टीम का गठन किया गया।
थाना सदर चित्तौड़गढ़ से एएसआई जगदीश चन्द्र तथा आरक्षक देवकिशन, गजेन्द्र सिंह और विनोद कुमार को टीम में शामिल किया गया। डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन एवं थानाधिकारी प्रेम सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी एवं आसूचना संकलन के आधार पर गहन पड़ताल करते हुए गुम हुए मोबाइल फोनों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम के सतत प्रयासों से थाना क्षेत्र के सांवलिया हॉस्पिटल, रेलवे स्टेशन, प्रतापनगर, नेहरू पार्क एवं राजीव गांधी पार्क से गुम हुए कुल 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए। आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर संबंधित लोगों ने चित्तौड़गढ़ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की सराहना की। पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य में शामिल पुलिसकर्मियों की टीम की प्रशंसा की है।