गरोठ। मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग के मार्गदर्शन, गरोठ एसडीएम राहुल चौहान के नेतृत्व एवं राजस्व विभाग की सक्रिय पहल से संचालित राहगीर अभियान का सकारात्मक प्रभाव अब ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। अभियान के तहत ग्राम सगोरिया (तहसील शामगढ़) में लंबे समय से अतिक्रमण की वजह से बंद पड़े दो शासकीय रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कर आमजन के लिए खोल दिया गया है।
शासकीय रास्तों के खुलने से ग्रामीणों एवं किसानों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है। अब किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में न केवल सुविधा होगी, बल्कि समय और श्रम की भी बचत होगी। इससे कृषि कार्यों को भी गति मिलेगी।
इस कार्य में ग्रामवासियों और किसानों ने भी सराहनीय सहयोग दिया। ग्रामीणों ने एकजुटता का परिचय देते हुए 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि एकत्रित कर अभियान में सहयोग प्रदान किया।
प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहगीर अभियान का उद्देश्य शासकीय भूमि एवं सार्वजनिक रास्तों से अतिक्रमण हटाकर आमजन के लिए सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है।
ग्रामीणों ने शासकीय रास्तों को पुनः चालू कराने के लिए जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।