चित्रकूट। श्री सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, जानकीकुंड (चित्रकूट) में आयोजित सामुदायिक नेत्र जागरूकता एवं स्पॉन्सर मिलन सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में नेत्र शिविरों का सफल संचालन करने वाले समाजसेवियों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सालय के डायरेक्टर, सीईओ एवं ट्रस्टी डॉ. इलेश जैन, एचआर हेड सुविश जैन, डॉ. विजय सिंह तथा मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश प्रभारी भीष्म शुक्ला मौजूद रहे। समारोह का उद्देश्य नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने वाले समाजसेवियों के कार्यों को सम्मानित करना था।
इस अवसर पर छतरपुर जिले के राजनगर विकासखंड की समाजसेवी संस्था माइन्ड इम्पॉवरिंग सोशल फाउंडेशन के प्रतिनिधि मनीष खटीक को स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संस्था समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और निःशुल्क नेत्र शिविरों का आयोजन करती रही है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मनीष खटीक ने श्री सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय परिवार एवं कार्यक्रम आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्था के सभी सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने भरत यादव, शिवम दुबे सहित सभी सहयोगियों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए चिकित्सकों, नेत्र शिविर आयोजकों और समाजसेवियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने लोगों से नियमित नेत्र परीक्षण कराने तथा जरूरतमंदों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आगे आने का आह्वान किया।