नीमच। जिले के रामपुरा क्षेत्र अंतर्गत मान्या खेड़ी स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर के पुजारी हर्षवर्धन उपाध्याय ने कलेक्टर को शिकायत आवेदन सौंपकर मंदिर की कृषि भूमि पर कथित कब्जा किए जाने, खेती नहीं करने देने तथा जान से मारने की धमकियां मिलने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस सुरक्षा के साथ मंदिर की भूमि पर खेती कराने एवं आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुजारी ने आवेदन में बताया कि वह वर्ष 2009 से मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं तथा मंदिर के नाम दर्ज कृषि भूमि ही उनके परिवार के भरण-पोषण का प्रमुख साधन है। उनका दावा है कि राजस्व न्यायालय एवं एसडीएम द्वारा मंदिर के पक्ष में आदेश पारित किए जा चुके हैं। इसके बाद राजस्व एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में उन्हें भूमि का कब्जा भी दिलाया गया था, लेकिन बाद में कथित रूप से दोबारा भूमि पर कब्जा कर लिया गया।
हर्षवर्धन उपाध्याय का आरोप है कि जब भी वह फसल की बुवाई या कृषि कार्य के लिए खेत पर जाते हैं, उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं। उन्होंने शिकायत में मानसिंह, मदन एवं उनके साथियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित प्रकरण में न्यायालय द्वारा कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
पुजारी ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर मंदिर की कृषि भूमि पर पुलिस सुरक्षा के साथ खेती कराने, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।