चित्तौड़गढ़। राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार न्यायालय परिसर स्थित न्यायिक अधिकारी आवास परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला एवं सेशन न्यायाधीश मानसिंह चुण्डावत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित ष्सृजन की सुरक्षा योजनाष् एवं अन्य योजनाओं के तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पौधारोपण किया गया।
प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक ने पौधारोपण करते हुए उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वातावरण के लिए पौधारोपण बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस कोर्ट-01 किशन लाल चौधरी, विशिष्ट न्यायाधीश पोक्सो कोर्ट-01 लता गौड़, विशिष्ट न्यायाधीश पोक्सो कोर्ट-02 शहनाज परवीन, विशिष्ट न्यायाधीश एससी-एसटी कोर्ट देवेंद्र सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, होमगार्ड एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। न्यायालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया।