नीमच। जिले के ग्राम जवासा निवासी राजेशकुमार राठौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर से की है। उन्होंने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि पात्र होने के बावजूद पंचायत ने उनका नाम आवास सूची में शामिल नहीं किया, जबकि बाद में पात्रता सूची में जुड़े अन्य लोगों को योजना का लाभ प्रदान कर दिया गया।
आवेदन में राजेशकुमार राठौर ने बताया कि उनका परिवार बीपीएल श्रेणी में शामिल है तथा वह वर्षों से सरकारी राशन योजना का लाभ प्राप्त कर रहा है। परिवार में उनकी पत्नी एवं दो पुत्रियां हैं। उनके पास स्वयं का पक्का आवास नहीं है और वह लंबे समय से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कई बार पंचायत में आवेदन प्रस्तुत किए, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका।
फरियादी ने बताया कि वह कैंसर से पीड़ित हैं और आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर स्थिति में जीवनयापन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पात्रता होने के बावजूद उन्हें योजना से वंचित रखा गया, जबकि बाद में सूची में शामिल हुए अन्य लोगों को आवास स्वीकृत कर दिया गया।
राजेशकुमार राठौर ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राही मानते हुए शीघ्र आवास स्वीकृत कराने की मांग की है।