नीमच। जिले के ग्राम लेवड़ा एवं धनेरियाकला के ग्रामीणों ने गांव के एकमात्र खेल मैदान पर कथित कब्जे और निजी नामांतरण का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि का उपयोग वर्षों से खेलकूद गतिविधियों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए किया जाता रहा है, लेकिन अब कुछ लोगों द्वारा मैदान को क्षतिग्रस्त कर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्ष 1981 में सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित घोषित की गई भूमि को बाद में कथित रूप से निजी खाते में दर्ज कर दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर निजी नामांतरण एवं पट्टों को निरस्त करने, अतिक्रमण हटाने तथा खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।