नीमच। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रक (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, अनुकंपा नियुक्ति सहित विभिन्न प्रशासनिक विषयों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैष्णव ने अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से हल करने, विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने तथा अत्यधिक लंबित प्रकरण वाले विभागों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रम पदाधिकारी को प्लास्टिक फैक्ट्री में हुए हादसे की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा घायल श्रमिक से मुलाकात कर उसकी स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर प्रभावी अभियान चलाने के लिए कहा गया।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए वैष्णव ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने एवं अन्य राजस्व मामलों में की गई कार्रवाई का मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि नियमित मैदानी निरीक्षण और सत्यापन से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता बढ़ती है।
बैठक में अपर कलेक्टर बीएस कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम जावद संजीव साहू, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भयडिया सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।