भौरासा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में भौरासा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ता पहले छोटे हनुमान चौक पर एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में भौरासा थाना पहुंचे और धरना दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मिथुन यादव और नगर कांग्रेस अध्यक्ष जीवन सिंह ठाकुर ने किया। नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। साथ ही राहुल गांधी की तत्काल रिहाई की मांग उठाई गई।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग की। जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को लेकर भी नाराजगी जताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए गए। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।