नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक सोनू बड़गुर्जर के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने 20 एवं 21 जुलाई 2026 को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूल बसों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को थाने बुलाकर समझाइश दी और भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं देने की हिदायत दी। इसके अलावा वाहनों में ब्लैक फिल्म लगाने वाले, तेज गति से वाहन चलाने वाले तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 80 चालान बनाए गए तथा 38 हजार 800 रुपए का समन शुल्क वसूल किया गया। यातायात पुलिस ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी निरंतर चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें, शराब पीकर वाहन न चलाएं। वाहन में तेज आवाज वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं सर्चिंग लाइट का उपयोग न करें। वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट एवं दो पहिया वाहन चालक हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।