उज्जैन। ओटीटी पर हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज श्रक्तांचल-3श् के कलाकार निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा बुधवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। उनके साथ लोकप्रिय वेब सीरीज श्पंचायतश् में सहायक सचिव का किरदार निभाने वाले अभिनेता चंदन राय भी दर्शन के लिए पहुंचे।
दरअसल, रक्तांचल-3 की टीम अपनी वेब सीरीज के प्रमोशन के सिलसिले में इंदौर आई थी। मंगलवार को इंदौर में मीडिया से बातचीत के बाद कलाकारों ने बुधवार सुबह महाकाल मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम बनाया।
दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठे
तड़के करीब चार बजे महाकाल मंदिर पहुंचे कलाकारों ने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती में भाग लिया। आरती के बाद उन्होंने नंदी महाराज का पूजन कर उनके कान में अपनी मनोकामना कही। इसके बाद चांदी द्वार से भगवान महाकाल का जलाभिषेक और पूजन किया तथा मंदिर परिसर स्थित अन्य देवी-देवताओं के भी दर्शन किए।
महाकाल के दरबार में आकर बेहद भावुक हुआ
दर्शन के बाद अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आकर वह बेहद भावुक हैं। उन्होंने कहा कि इस अनुभव को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। बाबा महाकाल का आशीर्वाद पाकर उन्हें अपार खुशी और आध्यात्मिक ऊर्जा मिली है।