नीमच। शहर के हृदय स्थल पर स्थित एकमात्र प्रमुख खेल मैदान को बचाने के लिए खेल प्रेमियों ने अब आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया है। शासकीय जिला चिकित्सालय के समीप स्थित बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान पर सीएम राइज स्कूल निर्माण के लिए स्थल चयन किए जाने के विरोध में खेल प्रेमियों की बैठक 23 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
खेल प्रेमियों का कहना है कि उक्त मैदान शहर के खिलाड़ियों के लिए लंबे समय से एकमात्र प्रमुख खेल स्थल रहा है, जहां बड़ी संख्या में युवा क्रिकेट सहित अन्य खेलों का अभ्यास करते हैं। यदि इस मैदान पर निर्माण कार्य किया जाता है तो शहर में खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त खेल मैदान उपलब्ध नहीं रहेगा।
खेल प्रेमियों ने आरोप लगाया कि शहर में पहले से मौजूद कई खेल मैदानों पर अतिक्रमण और अन्य गतिविधियों के कारण खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बचे हुए एकमात्र खेल मैदान को भी समाप्त करना खिलाड़ियों के हितों के विपरीत है।
मैदान बचाने के उद्देश्य से 23 जुलाई को प्रातः 8.30 बजे इसी खेल मैदान में परेड स्थल के समीप खेल प्रेमियों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मैदान को सुरक्षित रखने के लिए आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
आयोजकों ने शहर के सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के बैठक में पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराएं और खेल मैदान बचाने की मुहिम को मजबूत बनाएं।
बैठक की जानकारी माय टीम क्रिकेट क्लब, लालसाई क्रिकेट कमेटी, नीमच पैंथर्स, मुकद्दल टाइगर टीम सहित अन्य खेल संगठनों एवं कीर्ति पंचोली द्वारा दी गई।