खरगोन। करीब दो सप्ताह की लंबी खेंच के बाद आखिरकार मौसम मेहरबान हुआ और जिले में बारिश का दौर शुरू हो गया। शनिवार सुबह अचानक मौसम बदला और आसमान में बादल छा गए। इसके बाद कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
लंबे इंतजार के बाद हुई इस बारिश ने खेतों में दम तोड़ रही फसलों को नई जिंदगी दे दी है। बारिश की बूंदों से मुरझाई फसलें फिर से लहलहाने लगी हैं, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसान इस बारिश को फसलों के लिए संजीवनी मान रहे हैं।
बारिश के कारण जहां ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को राहत मिली, वहीं शहर में तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी बह निकला। कुछ स्थानों पर पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से जलजमाव की स्थिति भी देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने लगा है। इसके चलते कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश का दौर जारी है।
गौरतलब है कि बारिश में आई लंबी खेंच के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो गई थी और लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। वहीं दूसरी ओर किसान अपनी सूखती फसलों को लेकर चिंतित नजर आ रहे थे। अब हुई बारिश ने किसानों को बड़ी राहत पहुंचाई है और खेतों में हरियाली लौटने की उम्मीद जगा दी है।