खरगोन। जिले के कसरावद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसरावद द्वारा अध्यक्ष परसराम यादव के नेतृत्व में आज बुधवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कसरावद को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध दर्ज कराते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा एवं छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम यादव ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक प्रकरण को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग एवं लाठीचार्ज किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र की भावना के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने वाले छात्रों और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, उससे देशभर में आक्रोश व्याप्त है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसरावद द्वारा ज्ञापन में मांग की गई है कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई एवं लाठीचार्ज की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। घायल छात्रों को समुचित उपचार एवं न्याय सुनिश्चित किया जाए तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही लोकतांत्रिक अधिकारों एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा केंद्र सरकार के कार्यों की संवैधानिक समीक्षा करते हुए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की गरिमा बनाए रखने की भी मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसरावद ने विश्वास व्यक्त किया कि लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के हित में महामहिम राष्ट्रपति इस गंभीर विषय पर उचित निर्णय लेंगी।