चित्तौड़गढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय एवं जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर चित्तौड़गढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आमजन को अंगदान-जीवनदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को जनचेतना रैली का आयोजन किया गया। रैली को महाविद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश जीनगर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के छात्र-छात्राओं ने अंगदान जागरूकता से जुड़े पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से शहरवासियों को अंगदान के महत्व का संदेश दिया। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित किया और स्वयं भी सामूहिक रूप से अंगदान की शपथ ली।
प्रधानाचार्य राकेश जीनगर ने बताया कि एक व्यक्ति के अंगदान से आठ लोगों को नया जीवन मिल सकता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अजय मेनारिया एवं नर्सिंग ट्यूटर राहुल मेनारिया ने बताया कि जुलाई माह के दौरान अंगदान जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन शपथ, पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता, शॉर्ट वीडियो और रील निर्माण जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों की प्रदर्शनी 3 अगस्त को राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर लगाई जाएगी।
रैली के सफल आयोजन में मनोज शर्मा, रमेश गुर्जर, वैभव साहू, पायल शर्मा, सुमन शर्मा, श्रुति, मंजुल शर्मा एवं सीमा सालवी सहित महाविद्यालय के स्टाफ ने विशेष सहयोग प्रदान किया।