नीमच। आयुष विभाग के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर मालाहेड़ा (आयुष) द्वारा बुधवार को आंगनवाड़ी केंद्र मालाहेड़ा में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 36 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, कब्ज, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, साइटिका एवं प्रमेह सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। साथ ही मरीजों के रक्तचाप (बीपी) की निःशुल्क जांच भी की गई।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, तनावमुक्त जीवन, स्वस्थ दिनचर्या एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, दवासाज अनवर खान, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।