मनासा। अखिल भारतीय गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महासभा द्वारा इंदौर के बरसाना गार्डन में आयोजित प्रांतीय सभा में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट समाजसेवियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मनासा निवासी देवीलाल शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी के समर्थन में राजेश त्रिवेदी के तत्वावधान में किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज के प्रतिभाशाली एवं सेवाभावी लोगों को सम्मानित किया गया।
52 गांव चौखरा सांडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए सम्मान प्राप्त करने वाले देवीलाल शर्मा की उपलब्धि पर समाजजनों ने हर्ष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपनी सेवाओं से न केवल मनासा बल्कि पूरे चौखरा क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय उपमंत्री जगदीश जोशी ने देवीलाल शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है।