नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।
इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिका ने फ्रूट मार्केट क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 15 व्यापारियों एवं ठेला संचालकों से कुल 3,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर पालिका द्वारा कचरा फैलाने वालों पर मौके पर ही 200 रुपये का स्पॉट फाइन लगाया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देशानुसार स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक गोपाल नरवाले, भारत सिंह भारद्वाज एवं राजस्व शाखा के योगेश टांकवाल ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।
नगर पालिका ने सभी व्यापारियों, ठेला संचालकों एवं आम नागरिकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमित एवं सख्त चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।