रतलाम। मुंबई रेल मंडल में लगातार हो रही भारी बारिश और भिलाड-बोरीवली सेक्शन में जलभराव के कारण पश्चिम रेलवे का रेल संचालन प्रभावित हो गया है। इसका असर रतलाम रेल मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनों पर भी पड़ा है। चार ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि दो ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं।
गुरुवार सुबह रतलाम जिले में भी रिमझिम और तेज बारिश का दौर जारी रहा। दोपहर बाद मौसम खुला और कुछ समय के लिए धूप भी निकली। पिछले 24 घंटे में जिले में 30.63 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा जावरा (78 मिमी) और पिपलौदा (72 मिमी) क्षेत्र में हुई। 1 जून से अब तक जिले में कुल 267.63 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5.91 इंच कम है। बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है और खरीफ फसलों को संजीवनी मिली है।
भिलाड-बोरीवली सेक्शन में जलभराव के चलते जयपुर-बांद्रा, उदयपुर-बांद्रा, हिसार-बांद्रा, अमृतसर-बांद्रा, बीकानेर-बांद्रा, कटरा-बांद्रा और गांधीनगर-बांद्रा सहित कई ट्रेनें 1 से 3 घंटे तक की देरी से संचालित हो रही हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जलभराव कम होते ही रेल यातायात को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।