मंदसौर। जिले और शहर में अच्छी बारिश की कामना को लेकर सर्व समाज द्वारा आज मंदसौर शहर में भव्य प्रार्थना रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ तलाई वाले बालाजी मंदिर से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन किया गया।
जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व सर्व समाज की एक बैठक तलाई वाले बालाजी मंदिर पर आयोजित की गई थी। इसमें सामूहिक रूप से भगवान बालाजी से प्रार्थना की गई थी कि जिले में अच्छी बारिश होने पर तलाई वाले बालाजी से भगवान पशुपतिनाथ मंदिर तक प्रार्थना रैली निकाली जाएगी।
रैली के दौरान मार्ग में आने वाले विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और अच्छी वर्षा की कामना की।
भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक एवं पूजन किया और प्रार्थना की कि इस वर्ष मंदसौर जिले सहित पूरे देश में पर्याप्त बारिश हो, जिससे किसानों और आमजन को राहत मिल सके।
इस दौरान बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग, श्रद्धालु और धर्मप्रेमी नागरिक मौजूद रहे। पूरी रैली के दौरान धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला।