खरगोन। जिले के कसरावद थाना क्षेत्र अंतर्गत बलकवाड़ा पुलिस की खलटाका चौकी क्षेत्र के ग्राम निमरानी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के आभूषण चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ढाबा संचालक संदीप पिता मुरली जायसवाल के बंद मकान का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तीन बदमाश बाइक से आते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान और खलटाका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फिंगर प्रिंट टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। थाना प्रभारी सागर चौहान ने बताया कि मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।