मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग के निर्देश पर जिले के जनजाति कार्य विभाग के छात्रावासों में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। 23 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रथम दिवस 200 तथा द्वितीय दिवस गुरुवार को 600 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस प्रकार अब तक कुल 800 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
जिला संयोजक अंगूरबाला भगोरा ने बताया कि जिले में कुल 36 छात्रावास संचालित हैं, जिनमें से अब तक 16 छात्रावासों के रहवासी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। शेष छात्रावासों में भी शीघ्र ही स्वास्थ्य परीक्षण कर शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की जांच का कार्य पूर्ण किया जाएगा।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की ब्लड जांच, सिकल सेल, एनीमिया, रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता तथा संतुलित खान-पान से संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।