खरगोन। जिले के पिपराटा माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खेल परिषद छात्रावास से विद्यालय तक लगभग तीन किलोमीटर की दूरी छात्र-छात्राएं पैदल तय कर रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।
इस मुद्दे को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष शीला पटेल ने गुरुवार को प्रभारी कलेक्टर रेखा राठौर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
शीला पटेल ने बताया कि प्रतिदिन लंबी दूरी पैदल तय करने के कारण बच्चों को दुर्घटना और अन्य अप्रिय घटनाओं का खतरा बना रहता है। इससे अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है और विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए शीघ्र आवश्यक व्यवस्था की जाए, ताकि वे बिना किसी भय और परेशानी के विद्यालय पहुंचकर अपनी शिक्षा जारी रख सकें।