चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सी.पी. जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर लोकसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं एवं सड़क अवसंरचना विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र की लंबित मांगों एवं जनसुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए आवश्यक स्वीकृतियों एवं त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि सांसद जोशी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-113 पर प्रतापगढ़ शहर के लिए निर्मित बाईपास का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने का उल्लेख करते हुए इसके शीघ्र लोकार्पण का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बाईपास शुरू होने से प्रतापगढ़ शहर को भारी वाहनों के दबाव से राहत मिलेगी तथा यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सकेगा।
इसके साथ ही सांसद जोशी ने भटेवर-मावली-नाथद्वारा-चारभुजा राष्ट्रीय राजमार्ग-162 ई के निर्माण कार्य पूर्ण होने पर इसके भी शीघ्र लोकार्पण का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग मेवाड़ क्षेत्र की धार्मिक, पर्यटन एवं व्यापारिक गतिविधियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसके प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
भेंट के दौरान सांसद जोशी ने चित्तौड़गढ़ शहर के लिए रिंग रोड (बाईपास) परियोजना की स्वीकृति प्रदान करने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह रिंग रोड कोटा रोड को सीधे भीलवाड़ा रोड से जोड़ेगी, जिससे शहर में यातायात का दबाव कम होगा और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चित्तौड़गढ़ शहर की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके साकार होने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद जोशी ने लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर आमजन की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक अंडरपास, सर्विस रोड, ओवरब्रिज एवं अन्य सुरक्षा संबंधी कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने संसदीय क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप नवीन राजमार्ग परियोजनाओं एवं केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के माध्यम से बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित किए जाने का भी आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद जोशी द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।