नीमच। श्री एस. आर. ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, नीमच में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद जी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन, संघर्ष और देशभक्ति को याद किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चेतना त्रिपाठी एवं एडमिन श्री मोहनलाल जी शर्मा ने विद्यार्थियों को चंद्रशेखर आजाद के जीवन एवं उनके अदम्य साहस के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका साहस, आत्मविश्वास, देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक युवा को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में चेयरमैन श्री धर्मेश जी तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को चंद्रशेखर आजाद के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति को अपनाने का संदेश दिया तथा सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश के महान क्रांतिकारियों का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का प्रकाशस्तंभ है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, साहस, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करना रहा।