मनासा। मानसून की दस्तक से पूर्व नगर परिषद मनासा पूरी तरह सक्रिय हो गई है। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय पाटीदार एवं प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक लोकेंद्र साधु ने गुरुवार को शहर के प्रमुख नालों एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नालों में भारी मात्रा में प्लास्टिक एवं कचरा जमा मिला, जिस पर अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को बरसात प्रारंभ होने से पूर्व सभी नालों की सफाई का कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी पाटीदार ने कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए सफाई एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि पॉलीथीन, कूड़ा-करकट एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री नालों में न डालें, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
नगर परिषद द्वारा मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त मनासा का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।