कंजार्डा। ग्राम भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, कंजार्डा की छात्रा कु. दीक्षा धाकड़ ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 9 में प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। वर्तमान में दीक्षा सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं और अब उनका चयन कक्षा 9 में अध्ययन हेतु हुआ है।
विद्यालय प्रबंधन ने इसे शैक्षणिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय की कक्षा 9 में चयन होना अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया है और विरले ही विद्यार्थियों को यह अवसर प्राप्त होता है। दीक्षा की इस सफलता ने विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के परिश्रम को नई पहचान दिलाई है।
छात्रा के चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार, परिजनों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल छा गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम मालवीय, समिति सदस्य मोतीलाल धाकड़, शंकरलाल व्यास, दिलीप भंडारी, तेजमल भंडारी, पारस भंडारी, सूरज धाकड़, जगदीश धाकड़, महेंद्र भटनागर, दीपक बडेरा सहित परिजनों एवं स्वजनों ने कु. दीक्षा धाकड़ को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।