उज्जैन। जिले के बड़नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक बेकाबू स्कूटी सवार ने सड़क पर पैदल जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बड़नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर स्कूटी चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।