आलोट। रतलाम जिले की आलोट तहसील के ग्राम देवगढ़ में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे पटवारी पर कथित रूप से खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। हमले में पटवारी अजय चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रतलाम रेफर किया गया है। घटना के बाद राजस्व विभाग और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पटवारी अजय चौहान नियमित राजस्व निरीक्षण के दौरान ग्राम देवगढ़ पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें जेसीबी मशीन से कथित अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने खनन कर रहे लोगों से अनुमति और संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोप है कि कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसके बाद पटवारी ने नियमानुसार पंचनामा बनाकर जेसीबी जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध करते हुए उन पर हमला कर दिया। हमले में पटवारी के हाथ में गंभीर चोट आई, जिसे चिकित्सकों ने फ्रैक्चर बताया है।
आरोप है कि हमलावरों ने सरकारी कार्रवाई में बाधा डालते हुए तैयार किया गया पंचनामा छीनकर फाड़ दिया और जेसीबी लेकर मौके से फरार हो गए। घायल पटवारी ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें आलोट के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस अवैध खनन, शासकीय कार्य में बाधा, सरकारी दस्तावेज नष्ट करने और शासकीय कर्मचारी पर हमला करने सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन से जुड़े तत्वों के बढ़ते दुस्साहस और फील्ड में कार्यरत सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फील्ड अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।