पोरसा। मुरैना जिले की पोरसा तहसील अंतर्गत नगर पालिका पोरसा के वार्ड क्रमांक-11 स्थित शंकर कुआं वाली गली के रहवासी पिछले 10 वर्षों से कच्चे रास्ते की समस्या से जूझ रहे हैं। करीब 150 परिवारों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद आज तक गली में पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया गया।
रहवासियों के अनुसार गली तक पहुंचने के लिए केवल एक कच्चा रास्ता है। बताया गया कि सड़क निर्माण का ठेका राकेश शर्मा को दिया गया था। जनवरी में सड़क पर मिट्टी तो डलवा दी गई, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। लगातार बारिश के चलते वही मिट्टी अब दलदल में तब्दील हो गई है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। कीचड़ और फिसलन के कारण बच्चों का समय पर स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया है। वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य लोगों को भी रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार नगर पालिका पोरसा और जिला प्रशासन को आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराकर वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।