शहडोल। जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला जयसिंहनगर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत मशियारी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है, जहां पढ़ाई के बजाय बच्चों से विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कराई जाती दिखाई दे रही है।
वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे झाड़ू लगाते और विद्यालय परिसर की सफाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बच्चों को शिक्षा देने का स्थान है, लेकिन यदि उनसे नियमित रूप से सफाई जैसे कार्य कराए जा रहे हैं तो यह गंभीर मामला है। हालांकि, वीडियो कब का है और किस परिस्थिति में बनाया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग पर हैं कि वह मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करता है या नहीं।