सनावद। सनावद में प्रशासन ने बिना अनुमति बनाए गए एक अवैध एस्ट्रो टर्फ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार, यह निर्माण करीब 50 लाख रुपये की लागत से किया गया था और आवश्यक अनुमति के बिना बनाया गया था।
कार्रवाई से पहले प्रजापति समाज सहित विभिन्न संगठनों के लोग पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एकत्र हुए और अवैध निर्माण के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग भी की।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक सचिन बिरला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से अवैध निर्माण पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी रहेगी तथा कार्रवाई में हुई देरी के कारणों की भी जांच कराई जाएगी।
बाद में एसडीएम के निर्देश पर नगर पालिका की टीम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध एस्ट्रो टर्फ को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।