खनियांधाना। NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में शुक्रवार को खनियांधाना के नए बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हुए और प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान छात्र विभिन्न मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर पहुंचे। उन्होंने "पेपर लीक बंद करो", "इंकलाब जिंदाबाद", "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" और "जो छात्र जेल में हैं, उन्हें रिहा करो" जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल पर पंडाल लगाकर सभा आयोजित की गई, जहां वक्ताओं ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी स्थान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया था। शुक्रवार के छात्र प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मौके पर तैनात रहा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक मामले में निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।