पिपलियामंडी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित नशा-मुक्त मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना पिपलियामंडी द्वारा नगर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री टीलाखेड़ा बालाजी मंदिर चौराहे पर उड़ान एवं जनसाहस संस्थान के सहयोग से आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी एवं मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के जरिए यह संदेश दिया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी गहरे संकट में डाल देता है।
कार्यक्रम में युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित नागरिकों ने नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा-मुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनसहभागिता और सामाजिक जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी विक्रम सिंह, चौकी प्रभारी रितेश डामोर, पुलिस स्टाफ, विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज को भी नशा-मुक्त बनाने में सहयोग करें, ताकि स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।