खरगोन। शहर की खसरा नंबर 484 एवं 485 पर नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य पर हेला मुस्लिम समाज एवं जिला मुस्लिम कमेटी ने आपत्ति दर्ज कराई है। समाज का आरोप है कि जिस भूमि पर निर्माण हो रहा है, वह भूमि जमात के कब्रस्तान की है। समाज ने कलेक्टर को शिकायती आवेदन सौंपकर तत्काल नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को रोकने की मांग की है।
जिला मुस्लिम कमेटी एवं समाजजनों ने सौंपे शिकायती आवेदन में बताया कि यह भूमि हेला मुस्लिम समाज के लगभग 200 वर्ष पुराने कब्रिस्तान के रूप में वर्षों से दर्ज एवं उपयोग में है। यहां समाज के पूर्वजों को दफनाया जाता रहा है। समाज के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि कब्रिस्तान की भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य उनकी सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।
उन्होंने जिला कलेक्टर से इस गंभीर मामले की तत्काल जांच करने और नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य पर अविलंब रोक लगाने के आदेश जारी करने का आग्रह किया है। ज्ञापन में समाज ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती और बाद में उक्त निर्माण अवैध पाया जाता है, तो उस पर खर्च की गई शासकीय राशि का दुरुपयोग होगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी, जिन्होंने नियमों की अनदेखी कर निर्माण की अनुमति दी। समाजजनों ने कहा कि यह एक अत्यंत संवेदनशील मामला है, जिससे बड़ी संख्या में समाज के लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।