महेश्वर। महान पार्श्व गायक मुकेश की जयंती के अवसर पर महेश्वर में आयोजित संगीत निशा में सुरों की ऐसी महफिल सजी, जिसने संगीत प्रेमियों को देर रात तक मंत्रमुग्ध किए रखा। गांधी चौक स्थित शारदा सदन ग्रंथालय एवं पर्यटन सुविधा केंद्र में मां रेवा सुर संगम मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के कलाकारों ने मुकेश के सदाबहार गीतों के साथ लोकप्रिय फिल्मी और निमाड़ी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सुनील गाडगे ने ष्दुनिया बनाने वाले क्या तेरे मन में समाईष् गीत प्रस्तुत कर संगीत संध्या की शुरुआत की। वहीं मुकेश हिरवे, नटराज प्रजापति, देवी सिंह, हिमांशु मंसोरे, शहीद खान, मनीषा बजाज और रेखा रन्सोरे सहित कई कलाकारों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिवक्ता जितेंद्र नेगी, वरिष्ठ पत्रकार मनोज गौड़ एवं समाजसेवी दिलीप सोनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
देर रात तक सभागार तालियों की गूंज और मधुर गीतों से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी कलाकारों, सहयोगियों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।