नीमच। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर सेंटर सभागार में सीआईएस एवं साइबर सुरक्षा विषय पर पैरा लीगल वॉलिंटियर्स का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिला न्यायालय नीमच के जूनियर सिस्टम एनालिस्ट पीयूष नारायण एवं ब्रजेश पांडे ने सीआईएस एवं ई-कोर्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करते हुए इसके व्यावहारिक उपयोग एवं जागरूकता पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात जिला पुलिस साइबर सेल के डाटा प्रोटेक्शन ऑफिसर कुलदीप सिंह ने साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार विषय पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शोभना मीणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट विष्णु दुबे, जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार सहित बड़ी संख्या में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पैरा लीगल वॉलिंटियर्स को विधिक सेवाओं, सीआईएस पोर्टल एवं साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी से सशक्त बनाकर आमजन को जागरूक करने हेतु अधिक सक्षम बनाना रहा।