हरदा। शुक्रवार को कांग्रेस ने किसानों की मांगों को लेकर श्हल्ला बोलश् आंदोलन किया। यह आंदोलन जिला मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में हुआ, जिसका नेतृत्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे और किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह चौहान भी उपस्थित रहे।
पटवारी के पहुंचने पर हरदा के किसानों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर समस्याओं के समाधान की मांग की। विधायक आरके.दोगने सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
पटवारी ने कहा कि पूरी भाजपा 50 करोड़ रुपए नकद लेकर दतिया पहुंची है और एक वोट के लिए 5 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद भाजपा बुरी तरह हारेगी और कांग्रेस व जनता उन्हें हराएगी। पटवारी ने दतिया उपचुनाव को प्रदेश में बदलाव का केंद्र बिंदु बताया।
कहा- 2028 में सरकार आई तो एमएसपी कानून लाएंगे
पटवारी ने हरदा में एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने पर एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) कानून लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एमएसपी से नीचे किसान की उपज खरीदना अपराध माना जाएगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार को 3 अगस्त तक मूंग की खरीदी न करने पर सड़कों पर किसानों द्वारा चक्काजाम करने का अल्टीमेटम भी दिया, जिसका नेतृत्व कांग्रेस करेगी। पटवारी ने यह भी कहा कि पूरी खरीदी होने पर कांग्रेस प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन करेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमुख मांगें रखीं
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन साई ने किसानों की प्रमुख मांगें रखीं। इनमें शत-प्रतिशत मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी, खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था को बंद करना और चक्काजाम करने वाले किसानों के खिलाफ दर्ज प्रकरणों को वापस लेना शामिल है।
मोहन साई ने केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2025 की बीमा राशि में असमानता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि कुछ किसानों को प्रति एकड़ मात्र 50 रुपए तक की राशि दी गई है, जबकि जमा की गई प्रीमियम राशि इससे कहीं अधिक थी। उन्होंने इसे किसानों के साथ मजाक बताया।