नयागांव। नगर परिषद नयागांव के मुख्य नगरपालिका अधिकारी संजय राठौर ने शुक्रवार सुबह नगर में संचालित स्वच्छता व्यवस्थाओं का विभिन्न वार्डों में पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, नालियों की साफ-सफाई, सड़क किनारे फैले कचरे, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं कचरा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान राठौर ने सफाई कर्मचारियों को निर्धारित समय पर नियमित रूप से सफाई कार्य करने तथा प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर नगर के निर्माण में कर्मचारियों की जिम्मेदारी के साथ-साथ आमजन की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
जिन स्थानों पर सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां संबंधित कर्मचारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही नागरिकों से घरों एवं प्रतिष्ठानों का कचरा निर्धारित स्थान पर ही देने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की गई।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने कहा कि नगर परिषद द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि नगर में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।