नीमच। मनासा में 24 जुलाई 2026 को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किए जाने के मामले में मनासा थाना प्रभारी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि दिनेश राठौर ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच कराने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह घटना अत्यंत संवेदनशील एवं निंदनीय है, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं राजनीतिक सौहार्द प्रभावित हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद केवल एक पुलिसकर्मी (आरक्षक/प्रधान आरक्षक) के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि पूरे घटनाक्रम के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि पुतला दहन जैसे राजनीतिक विरोध प्रदर्शन की पूर्व जानकारी थी, तो इसे रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना थाना प्रभारी का दायित्व था। ऐसे में थाना प्रभारी द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में बरती गई कथित लापरवाही की जांच कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के बजाय संपूर्ण घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर मुख्य रूप से जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले में उचित एवं त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो इसकी जानकारी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी औपचारिक रूप से दी जाएगी।
उक्त ज्ञापन भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे मंडल, मनासा के सोशल मीडिया प्रभारी एवं नगर परिषद मनासा के वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद प्रतिनिधि दिनेश राठौर द्वारा प्रस्तुत किया गया है।